केंद्र सरकार द्वारा रेलवे स्टेशनों पर भी यूजर चार्ज लगाने पर विचार किया जा रहा है। रेल मंत्रालय से निकल कर जो बात सामने आ रही है, उसके मुताबिक दिल्ली, मुंबई, चेन्नई या हावड़ा जैसे बड़े स्टेशनों पर ही यूजर चार्ज नहीं लगेगा बल्कि छोटे स्टेशनों पर भी यह चार्ज लगाया जा सकता है। यह यूजर चार्ज रिडवलप्ड किए गए स्टेशनों और अधिक भीड-भाड़ वाले स्टेशनों के लिए वसूला जाएगा। यूजर चार्ज के पीछे रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
रेलवे बोर्ड के नव नियुक्त सीईओ एवं अध्यक्ष (CEO & Chairman) विनोद कुमार यादव के मुताबिक देश के करीब 15 फीसदी रेलवे स्टेशनों पर यूजर चार्ज लगाया जा सकता है। इस समय भारतीय रेल के पास करीब 7000 रेलवे स्टेशन हैं। इनमें से 15 फीसदी स्टेशनों पर यदि शुल्क लगता है तो इनकी संख्या 1000 से अधिक होगी। यूजर चार्ज से मिले पैसे का इस्तेमाल स्टेशनों को और अधिक आधुनिक बनाने में खर्च किया जाना है। यूजर चार्ज पर जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।