भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। एमएस धोनी आईपीएल खेलते रहेंगे। एमएस धोनी ने अपने संन्यास के बारे में सोशल मीडिया पर फैन्स को जानकारी दी है। अपनी कप्तानी और मैच फिनिशर कहे जाने वाले भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कर दिया। गैर पारंपरिक शैली में कप्तानी और मैच को अंजाम तक ले जाने की कला के साथ भारतीय क्रिकेट के इतिहास के कई सुनहरे अध्याय लिखने वाले 39 वर्ष के धोनी के इस फैसले के साथ ही क्रिकेट के एक युग का भी अंत हो गया।
धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा है कि अब तक आपके प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। शाम 7 बजकर 29 मिनट से मुझे रिटायर्ड समझिए। धोनी ने आखिरी बार वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उसके बाद से उनके रिटायरमेंट की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन वह मौन थे। अब जब आईपीएल के लिए वह चेन्नै कैंप में शामिल होने पहुंचे तो उन्होंने अपने फैसले का ऐलान कर दिया।
धोनी टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में एक रहे हैं। वो दुनिया के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को तीन आईसीसी ट्रॉफी दिलाई हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीता है। धोनी हालांकि इंडियन प्रीमियर लीग खेलेंगे। धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं और आईपीएल के 13वें सीजन के लिए ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई पहुंच चुके हैं।