राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन हो गया। अमर सिंह का पिछले 6 महीने से सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका हाल में ही किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बताया जा रहा है कि पिछले डेढ़ महीने से अमर सिंह आईसीयू में भर्ती थे।अमर सिंह का दूसरा किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा था लेकिन आज पेट में इंफेक्शन फैलने से तबीयत बिगड़ी थी। अमर सिंह का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है जो दिल्ली लाया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ नेता और सांसद अमर सिंह के निधन से दुख व्यक्त किया है।
दिवंगत सपा के पूर्व नेता अमर सिंह ने हाल के दिनों में वीडियो जारी करके ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने पर बयान भी दिया था। अमर सिंह ने कहा था कि सिंधिया ने अपने आत्मसम्मान के लिए कांग्रेस छोड़कर अपनी दादी विजयाराजे और पिता माधवराव के मार्ग का अनुसरण किया है। इससे पहले अमर सिंह ने वीडियो जारी कर अमिताभ बच्चन से माफी मांगी थी।