बॉलीवुड के होनहार कलाकार सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या के रहस्य को सुलझाने की कवायद काफी तेज़ हो चुकी है। सुशांत के पिता केके सिंह द्वारा बिहार के राजीव नगर थाने में FIR दर्ज करने के बाद से बिहार पुलिस काफी एक्टिव हो गई है। बिहार पुलिस की एक टीम मुंबई में छानबीन करने में जुटी हुई है और नए नए खुलासे कर रही है। बिहार पुलिस का यह भी कहना है की मुंबई पुलिस इस मामले में सहयोग नहीं कर रही है। बिहार पुलिस एसोसिएशन की ओर से मुंबई पुलिस पर जांच में सहयोग नहीं करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि सुशांत मामले में बिहार की पुलिस टीम हर दिन नए खुलासे कर रही है। बिहार पुलिस की इस सफलता से तिलमिलाई मुंबई पुलिस गलत व्यवहार कर रही है। हाई प्रोफाइल मामले के साथ मुंबई पुलिस के असहयोग को देखते हुए बिहार पुलिस के अधिकारियों की जान को ख़तरा भी हो सकता है।
अब अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना बड़ा बयान दिया है। एक न्यूज चैनल से बात करते हुए उन्होंने बताया कि अगर सुशांत के पिता कहेंगे तो राज्य सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश जरूर करेगी। नीतीश कुमार ने कहा कि मुंबई पुलिस को बिहार पुलिस के साथ जांच में सहयोग करना चाहिए। सीनियर एडवोकेट को इस काम के लिए लगाया गया है, मजबूती के साथ जिम्मेदारी को निभाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम है मामले की जांच करना, ये हम लोगों का रोल नहीं है। उनका कहना है कि जिन्होंने केस दर्ज कराया है, अगर वो कहेंगे तो तभी राज्य सरकार आगे कुछ ऐक्शन लेगी। इस जांच में दो राज्य के बीच झगड़े का सवाल नहीं है। अगर सुशांत के पिता की ओर से मांग की जाएगी तो राज्य सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश करेगी।